चित्रकूट में आकाशीय बिजली गिरने से 2 किशोरों समेत तीन की मौत, 2 घायल


चित्रकूट : जिले में अचानक मौसम बदलने से हुई बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के चलते दो किशोरों और एक महिला की जान चली गई. जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे. परिजनों को सहायता देने की कवायद की जा रही है.शुक्रवार सुबह से अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए. इसी के साथ तेज हवाओं संग बारिश होने लगी. कई जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिरी. पहली घटना भरतकूप थाना क्षेत्र के पतौड़ा के रहुनी पुरवा गांव की है. जहां चार किशोर खेत में मवेशी चराने के लिए गए थे, तभी अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी. इसकी चपेट में चारों किशोर आ गए. दो किशोर विकास पुत्र भूरा यादव (16) और करण यादव पुत्र विष्णु यादव (14) झुलस गए और उनकी मौक पर ही मौत हो गई है. जबकि सुमित और नीरज गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनको इलाज के लिए ग्रामीणों ने सीएचसी शिवरामपुर में भर्ती कराया.
करन अपने पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतकों के परिजनों का कहना है कि शुक्रवार को छुट्टी होने की वजह से बच्चे गांव के पास ही खेतों में मवेशी चराने के लिए गए हुए थे. वहीं दूसरी घटना मानिकपुर तहसील के ग्राम पंचायत कुई की है. जहां खेत में काम कर रही रजपतिया देवी पत्नी गंगा प्रसाद (48) आकाशीय बिजली के चपेट में आ गई. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक, महिला मौसम को बिगड़ते देख खेत में गेहूं को बारिश से बचाने का इंतजाम कर रही थी, यह हादसा हुआ. दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा.
प्रभारी सीएचसी डॉक्टर मनीष ने इस बारे में बताया कि चार बच्चों को लाया गया था, जहां जांच के दौरान दो बच्चे मृत पाए गए. घायल अन्य दो बच्चों का उपचार चल रहा है. इधर, इस घटना से गांव में मातम का माहौल है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp
FbMessenger
URL has been copied successfully!