सुलतानपुर: जनपद सुलतानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र स्थित मडहा गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. दिमागी रूप से कमजोर बताए जा रहे शंभूदयाल कोरी ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी रंजू के साथ जमकर मारपीट की. इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. आवेश में आकर आरोपी पिता ने अपने ही 9 माह के मासूम बेटे शिवांश पर कुल्हाड़ी के बेंट से हमला कर दिया.
9 माह के शिवांश की मौके पर मौत: कुल्हाड़ी के बेंट से सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण मासूम शिवांश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जिस समय यह दर्दनाक वारदात हुई, घर में आरोपी के अन्य बच्चे 10 वर्षीय महिमा और 7 वर्षीय राजू भी मौजूद थे. अपनी आंखों के सामने भाई की हत्या देख बच्चे सहम गए और गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई.
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण: वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम, अपर पुलिस अधीक्षक और थानाध्यक्ष तरुण पटेल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की. पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किा गया है.

