फिरोजाबाद : जिले के रजाबली इलाके में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हो गया. आमने-सामने की टक्कर के बाद दो डंपरों में आग लग गई. आग इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के चालकों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला. इस हादसे में दोनों चालकों की जलकर मौत हो गई. मृतक चालक मध्यप्रदेश और राजस्थान के रहने वाले थे. हादसे में दोनों वाहनों के हेल्परों को बचा लिया गया है. इधर, सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं. उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है.
घटना रजाबली क्षेत्र में टूण्डला-एटा मार्ग पर एटा बॉर्डर पर हुई. पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक डंपर, जो कि टूण्डला से एटा की तरफ जा रहा था. जिसका चालक सुरेश पुत्र पूरन सिंह निवासी मुरैना (मध्यप्रदेश) था. जबकि दूसरा डंपर एटा से टूण्डला की तरफ आ रहा था. इस डंपर को भरतलाल पुत्र रामेश्वर दयाल निवासी धौलपुर, राजस्थान चला रहा था. रजाबली थाना क्षेत्र में इमलिया डेयरी के पास दोनों डंपरों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण टक्कर से दोनों वाहनों में आग लग गई.
इस हादसे के बाद ड्राइवरों को बचने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे में दोनों वाहनों के हेल्पर भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना के बाद पहुंचीं दमकल की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस घटना से एटा मार्ग पर लगभग दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा. साथ ही रुट भी बाधित रहा.
इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येन्द्र पाण्डेय का कहना है कि दो डंपरों में टक्कर के बाद आग लगने की सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर थीं. आग पर काबू पा लिया गया है. इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो को बचा लिया गया है.

