राष्ट्रीय राजनधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 8 दमकलकर्मियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस, दमकल सेवाओं और अन्य आपातकालीन कर्मियों के समन्वित प्रयासों से 40 से अधिक लोगों को बचाया गया और उन्हें चिकित्सा उपचार के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दुकानदार ने ऊपर से कूद रहे लोगों के लिए बिछा दिए गद्दे
एक दुकान के मालिक ने अपनी दुकान से लगभग 20-22 गद्दे बाहर बिछा दिए, ताकि लोग आग से बचने के लिए उन पर सुरक्षित रूप से कूद सकें। दुकान के मालिक अरमान ने बताया, “मेरी दुकान यहीं है। मुझे आग लगने की जानकारी मिली। आग बहुत भीषण थी, कोई भी न तो अंदर जा पा रहा था और न ही बाहर आ पा रहा था। फिर, किसी तरह 7-8 लोग अंदर दाखिल हुए। तब मैंने अपनी दुकान से लगभग 20-22 गद्दे निकालकर बाहर बिछा दिए और लोग उन पर कूद गए। उनमें से ज़्यादातर लोग सुरक्षित रहे।”

