मोहक मीडिया। देवप्रयाग। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह देवप्रयाग क्षेत्र में गंगा होटल दर्शन के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चारधाम यात्रा से लौट रहे राजस्थान के जैसलमेर निवासी श्रद्धालुओं से भरी कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई तथा पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार बताए जा रहे हैं। वाहन चारधाम यात्रा पूरी कर वापस लौट रहा था कि देवप्रयाग के पास हादसे का शिकार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की श्रीनगर, व्यासी और ढालवाला इकाइयों को मौके पर रवाना किया गया। सबसे पहले व्यासी इकाई की छह सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। देवप्रयाग पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
रेस्क्यू के दौरान एक घायल बच्चे को खाई से निकालकर उपचार के लिए श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दो पुरुष अचेत अवस्था में मिले हैं (मृत अवस्था)। अन्य सवारों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन अलकनंदा नदी में समा जाने के कारण कई यात्री नदी के अंदर गाड़ी में फंसे हो।
खाई की अत्यधिक गहराई और नदी के तेज बहाव के चलते राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने कहा है कि सभी यात्रियों की तलाश के लिए अभियान युद्धस्तर पर जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

