मोहक मीडिया । गाजियाबाद । भीषण गर्मी और उमस के बाद बृहस्पतिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। दोपहर तक जहां तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बेहाल थे, वहीं शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए। मौसम विभाग की ओर से पहले ही मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई थी, जो शाम को सही साबित हुई।
मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया था कि दिल्ली में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ मध्यम गरज और बिजली कड़ने के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना भी जताई। वहीं 80-100 किमी/घंटा तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी दी थी।

