कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़मार्ग के यात्रियों को बड़ी राहत, 30 जुलाई से 14 अगस्त तक चलाई जाएंगी 52 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेनें

मोहक मीडिया। मेरठ, कांवड़ यात्रा के दौरान नमो भारत यात्रियों के लिए 30 जुलाई से 14 अगस्त तक सराय काले खां से मोदीपुरम कॉरिडोर पर रोज़ 52 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। अब नमो भारत ट्रेन हर 10 मिनट की बजाय हर 8 मिनट पर उपलब्ध होगी। एनसीआरटीसी ने कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब एक लाख यात्री सफर करते हैं। सड़कों पर डायवर्जन और भारी भीड़ के बीच नमो भारत और मेरठ मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी।

नमो भारत कॉरिडोर पर कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ेंगी 52 अतिरिक्त ट्रिप्स, हर 8 मिनट पर उपलब्ध होगी ट्रेन

30 जुलाई से श्रावण के पावन मास की शुरुआत हो रही है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए यात्रा करते हैं। इसकी वजह से कई मुख्य मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन और निजी गाड़ियों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। ऐसे में अनुमान है कि इस दौरान दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में अत्यधिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए, एनसीआरटीसी 30 जुलाई से नमो भारत कॉरिडोर पर एक दिन में 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स की शुरुआत कर रहा है।

नमो भारत ट्रेनें वर्तमान में हर 10 मिनट पर यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं। अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स की शुरुआत के साथ अब हर 8 मिनट के अंतराल पर ट्रेन उपलब्ध होंगी। यह अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स 30 जुलाई से 14 अगस्त के बीच पूरे नमो भारत कॉरिडोर, यानी सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन के बीच चलाई जाएँगी। आवश्यकता पड़ने पर एनसीआरटीसी द्वारा ट्रेन की फ्रीक्वेंसी को और भी बढ़ाया जा सकता है।

वर्तमान में, औसतन लगभग 1 लाख यात्री दैनिक रूप से नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रा कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान इस संख्या में अत्यधिक बढ़ोतरी अनुमानित है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए एनसीआरटीसी द्वारा यह निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि संपूर्ण कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों के साथ ही मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो की सुविधा भी उपलब्ध है जो शहर के भीतरी इलाकों में यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करती है।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस कई मार्गों पर एक तरफ़ की सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक देती है या कभी- कभार उसे पूरी तरह बंद कर दिया जाता है। इससे सड़कों पर भीड़ बढ़ जाती है और सड़क यात्रा बहुत ही अप्रत्याशित एवं चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में नमो भारत अपनी तेज़ गति, समयबद्धता एवं विश्वसनीयता के कारण इस क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था की जीवनरेखा बनकर उभरती है। इससे दैनिक यात्रियों, छात्रों तथा दफ्तर जाने वाले पेशेवरों को विशेष रूप से लाभ होता है जो बिना किसी परेशानी के सफर को पूरा कर पाते हैं।

सड़कों के बंद होने से कुछ नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा निश्चित समय के लिए बाधित हो सकती है। ऐसी किसी भी स्थिति में एनसीआरटीसी द्वारा जनता को इसकी जानकारी दी जाएगी। दिल्ली में सीआईएसएफ तथा उत्तर प्रदेश में यूपीएसएसएफ के सहयोग से एनसीआरटीसी प्रयास कर रही है कि लोगों को कम-से-कम असुविधा का सामना करना पड़े।

कांवड़ मेला में हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखकर रेलवे प्रशासन ने पुरानी दिल्ली शामली के बीच चलने वाली 64033/64034 नंबर की एमईएमयू का विस्तार हरिद्वार तक करने का फैसला लिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp
FbMessenger
URL has been copied successfully!