मोहक मीडिया । मुरादनगर, ग़ाज़ियाबाद क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 17 जुलाई के प्रस्तावित मुरादनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।बुधवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कार्यक्रम स्थल और प्रस्तावित भ्रमण मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आईटीएस डेंटल कॉलेज, लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह, नए बस अड्डे और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण मार्ग का भी निरीक्षण किया।आईटीएस कॉलेज परिसर में हेलीपैड बनाया जाएगा, जहां से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।विधायक अजीतपाल त्यागी ने बताया कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को रावली रोड स्थित कुशलपाल-तेजपाल त्यागी डिग्री कॉलेज परिसर में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।इसके बाद वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त राजकरन नैय्यर, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज समेत जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरादनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज
