मोहक मीडिया । जिला उद्योग व्यापार मंडल गाजियाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के व्यापारियों को वाणिज्य कर (जीएसटी एवं राज्य कर) से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं से राहत दिलाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन अपर आयुक्त राज्य कर अजय कुमार गौतम IAS एवं सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को प्रदान किया गया।
यह ज्ञापन पूर्व राज्य मंत्री व जिलाध्यक्ष श्री राम किशोर अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान जी, जिला महामंत्री पंकज गर्ग, युवा प्रदेश महामंत्री राजदेव त्यागी विधानसभा अध्यक्ष गाजियाबाद सुनील गोयल, जिला कोषाध्यक्ष अमित गर्ग, मुरादनगर कोषाध्यक्ष हरिओम सिंघल, युवा जिलाध्यक्ष धनेश सिंघल के संयुक्त नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में व्यापारियों ने वाणिज्य कर प्रणाली से संबंधित विभिन्न जटिलताओं, नोटिसों एवं प्रशासनिक कठिनाइयों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि व्यापारिक वातावरण को सुगम बनाने और व्यापारियों का उत्पीड़न रोकने के लिए वाणिज्य कर नियमों का सरलीकरण किया जाए तथा संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।
अपर आयुक्त (राज्य कर) अजय कुमार गौतम एवं सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र मिश्र ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं व मांगों को माननीय मुख्यमंत्री जी तक शीघ्रता से पहुंचा दिया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रमुख व्यापारीगण भी उपस्थित रहे।

